पाकुड़ (PAKUR): जिले की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, हिरणपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने हिंदी एवं भूगोल की चल रही कक्षाओं का अवलोकन किया और छात्राओं से पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से विषयवार पढ़ाई, कक्षाओं के संचालन और टाइम टेबल को लेकर पूछताछ की। इस दौरान कक्षाओं में टाइम टेबल प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सभी कक्षाओं में व्यवस्थित टाइम टेबल लगाने का निर्देश दिया।
डीसी ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों व्यवस्था खराब पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने शिक्षकों की कमी की समस्या भी उपायुक्त के समक्ष रखी। इस पर डीसी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं विद्यालय प्रबंधन के लोग मौजूद थे।
Desk Report By IN TV








