वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बड़ी ख़बर: पाकुड़ में चौकीदार के शव को दफनाने पर बवाल, 12 घंटे जाम रही सड़क

पाकुड़ (PAKUR):: झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र में एक चौकीदार के शव को दफनाने को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि पूरा इलाका तनाव की चपेट में आ गया। हालात इतने बिगड़ गए कि शहरग्राम मुख्य सड़क करीब 12 घंटे तक जाम रही। गुरुवार सुबह प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सड़क जाम हटाया गया, लेकिन शव दफनाने को लेकर अब भी विवाद बरकरार है।
मृतक की पहचान शहरग्राम निवासी चौकीदार भीम सोरेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उनकी मौत पाकुड़ सदर अस्पताल में हुई थी। बुधवार को स्वजन उनका शव पैतृक गांव पीपरजोड़ी लेकर पहुंचे थे, जहां दफनाने को लेकर ग्रामीणों और परिजनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

दफनाने के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, स्वजन पीपरजोड़ी गांव में जमीन पर गड्ढा खोदकर शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे। तभी गांव के कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीण शव को वहां दफनाने देने के लिए तैयार नहीं हुए।
ग्रामीणों के विरोध से नाराज परिजनों ने बुधवार दोपहर शव को शहरग्राम मुख्य सड़क पर रख दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होते ही आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रातभर चलता रहा हंगामा

मामले की सूचना मिलते ही बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव, सीओ संजय कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के स्वजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक कोई समाधान नहीं निकल सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के सिविल एसडीओ साइमन मरांडी भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के साथ लंबी बातचीत की। गुरुवार सुबह प्रशासन ने सड़क से शव हटवाकर जाम समाप्त कराया।

जमीन विवाद बना टकराव की वजह

ग्रामीणों के अनुसार, भीम सोरेन के पिता पीपरजोड़ी गांव में घर जमाई थे। करीब 20 साल पहले किसी विवाद के बाद ग्रामीणों ने उन्हें जमीन से बेदखल कर दिया था। अब मौत के बाद जब स्वजन उसी जमीन पर दफनाने पहुंचे तो ग्रामीणों ने इसका विरोध कर दिया।
सिविल एसडीओ साइमन मरांडी ने बताया कि मामला जमीन और आपसी विवाद से जुड़ा है। प्रशासन दोनों पक्षों के साथ लगातार बातचीत कर रहा है। सहमति बनने के बाद ही शव दफनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Desk Report by IN TV 

In Tv
Author: In Tv

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें