पाकुड़: पाकुड़ में बुधवार को प्रेस क्लब पाकुड़ के बैनर तले जिले भर के पत्रकारों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हजारीबाग में दो पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर नाराजगी जताई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों पर हमले को लेकर आक्रोश
बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को हजारीबाग में राज्य के मंत्री इरफान अंसारी के कार्यक्रम के दौरान दो पत्रकारों पर हमला किया गया। मंत्री से सवाल पूछने के दौरान उनके समर्थकों और कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्रकारों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
इस हमले में दोनों पत्रकार घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उपचार के बाद पीड़ित पत्रकारों ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई।
काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध
घटना के विरोध में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में पत्रकार प्रेस क्लब परिसर में एकत्र हुए और काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया। पत्रकारों ने कहा कि राज्य में लगातार पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद पत्रकार समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
👉पत्रकारों ने सरकार से मांग की है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
Report by शमशेर अहमद








