पाकुड़ (PAKUR): जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोटामारा स्थित डीबीएल (दिलीप बिल्डकॉम लिमिटेड) के कोयला रेलवे साइडिंग में रंगदारी, मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता शकरी देवी के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे भुवनेश्वर बेसरा और राम टुडु अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ साइडिंग परिसर में पहुंचे। सभी आरोपी लाठी-डंडा और लोहे के रॉड से लैस थे।
आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और ट्रक चालकों को डराते-धमकाते हुए 1 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कोयला परिवहन ठप, कर्मचारी घायल
हमले के कारण कोयला परिवहन कार्य देर रात तक पूरी तरह ठप रहा। घटना में कई कर्मचारियों को चोटें भी आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा कार्यालय में रखी नकद राशि जबरन लूटकर फरार होने की भी बात सामने आई है।
धमकी और दहशत का माहौल
घटना के दौरान जब कंपनी कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, तो वे और उग्र हो गए तथा जान से मारने की धमकी देने लगे।
27 मार्च को भी आरोपी कई बार साइडिंग पहुंचकर गाली-गलौज और रंगदारी की मांग करते रहे, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना रहा।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार दोपहर भुवनेश्वर बेसरा और राम टुडु को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
Report by शमशेर अहमद








