गले मिलकर दी मुबारकबाद, अमन-चैन और देश की तरक्की के लिए मांगी गई दुआ; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पाकुड़ (PAKUR): जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिले के सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर और इत्र लगाकर ईद की नमाज़ अदा की।
सुबह निर्धारित समय पर इमामों की अगुवाई में ईद की विशेष नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के बाद खुतबा पढ़ा गया, जिसमें आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया। साथ ही देश की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी ने मिलकर इस त्योहार को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ मनाया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं हिरणपुर प्रखंड के ईदगाह व हाथकाठी सुन्नी मस्जिद में भी बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज़ अदा की। यहां भी नमाज़ के बाद देश की सलामती, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।
नमाज़ के उपरांत लोग एक-दूसरे से मिलते-जुलते नजर आए और ईद की खुशियां साझा कीं।
त्योहार के मौके पर घर-घर में रौनक देखने को मिली। नमाज़ के बाद लोग अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के घर पहुंचे, जहां पारंपरिक पकवानों के साथ मीठी सेवई और अन्य व्यंजनों का आनंद लिया गया। इस दौरान बच्चों ने ईदी प्राप्त कर अपनी खुशी जाहिर की।
पूरे जिले में ईद को लेकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली और लोगों ने जमकर खरीदारी की।
वहीं, पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जगह-जगह गश्ती दल सक्रिय रहे और पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जाती रही, जिससे पूरे जिले में शांति व्यवस्था बनी रही।
ईद-उल-फितर का यह पाक पर्व एक बार फिर समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश देते हुए लोगों को आपस में जोड़ने का कार्य कर गया।
Report By शमशेर अहमद








