पाकुड़(PAKUR): जिले के हिरणपुर में रामनवमी को लेकर तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। कलश यात्रा के साथ चैत्र नवरात्रि और रामनवमी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। इसी कड़ी में आज से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हो गया है, जो 26 मार्च तक चलेगी।
रामनवमी के अवसर पर यहां मेला सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। हिरणपुर मवेशी हटिया स्थित बजरंगबली मंदिर की विशेष मान्यता है, जहां सैकड़ों वर्षों से पूजा-अर्चना होती आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुआं खोदने के दौरान बजरंगबली की मूर्ति मिलने के बाद से यहां नियमित पूजा शुरू हुई थी।
पिछले सात वर्षों से यहां रामनवमी का पर्व विशेष धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा इस वर्ष भी भव्य कार्यक्रमों की तैयारी की गई है।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां:
28 मार्च: भव्य झांकी एवं अखाड़ा प्रदर्शन
29 मार्च: कटप्पा झांकी
30 मार्च: संथाली मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
पूरे क्षेत्र में उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन भी आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सतर्क है।








