साहिबगंज(Sahibganj): जिले के बरहरवा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) नंदन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है। 
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर आलमगीर आलम से एमओ ने रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की थी। काम नहीं होने से परेशान डीलर ने एसीबी से शिकायत की।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
शिकायत के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत डीलर को पैसे लेकर भेजा गया। जैसे ही नंदन कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के क्रम मे टीम ने आरोपी के पास से 40 हजार रुपये बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुमका ले जाया गया है, जहां पूछताछ जारी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पहली पोस्टिंग में ही फंसे अधिकारी
बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की करीब दो महीने पहले ही नियुक्ति हुई थी और यह उनकी पहली पोस्टिंग थी।
क्षेत्र में चर्चा तेज
घटना के बाद प्रखंड कार्यालय सहित पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।
जनता की प्रतिक्रिया
स्थानीय लोगों ने एसीबी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी सख्ती जारी रहनी चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और आम जनता को लाभ मिल सके, साथ ही साथ और भी अधिकारी जो वसूली बाज़ हो उन पर भी ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, खाशकार कोटालपोखर इलाके मे अवैध वसूली पर लगाम लगाना जरुरी ताकि क्षेत्र मे माफियाओ और कुछ अफसरों का मन सातों आसमान पर ना हो.
Report By शमशेर अहमद








