Birbhum Mine Accident: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारई थाना क्षेत्र के गोपालपुर पहाड़ इलाके में सोमवार को एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। खदान धंसने से कम से कम 2 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, गोपालपुर गांव की इस पत्थर खदान में घटना के समय करीब 12 से 14 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक खदान का एक हिस्सा धंस गया और कई मजदूर पत्थरों के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय मजदूरों ने शुरू किया पहला रेस्क्यू
घटना के तुरंत बाद आसपास की दूसरी खदानों में काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासनिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अब तक 2 शव बरामद
बचावकर्मियों ने अब तक 2 मजदूरों के शव बरामद किए हैं। दोनों शवों को खदान क्षेत्र से बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, क्योंकि मलबे के नीचे और मजदूरों के दबे होने की आशंका बनी हुई है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि इलाके की कई पत्थर खदानों में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाता। बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों से काम कराया जाता है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी खदान संचालकों पर कड़ी कार्रवाई और सभी खदानों में सुरक्षा व्यवस्था सख्ती से लागू करने की मांग की है








