Dumka News: दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जामजोरी गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान पुतुलजोर गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद मरांडी के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले अपने ससुराल आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, विनोद मरांडी अपने ससुराल जामजोरी गांव स्थित गणेश हेम्ब्रम के घर आया हुआ था। रविवार को उसका शव गांव के बहियार पार एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दो सगी बहनों से हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक, विनोद मरांडी की शादी गणेश हेम्ब्रम की दो बेटियों निर्मला हेम्ब्रम और नोनी हेम्ब्रम से हुई थी। दोनों सगी बहनें हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पत्नियों के बीच अक्सर विवाद होता था, जिसे लेकर पहले भी परिवार में कई बार बैठक कर मामला सुलझाने की कोशिश की गई थी।
चचेरे भाई ने जताई आशंका
मृतक के चचेरे भाई देवीलाल मरांडी ने बताया कि चार दिन पहले विनोद का पहली पत्नी निर्मला के साथ झगड़ा हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी पत्नी नोनी हेम्ब्रम और सास लुखी सोरेन लगातार फोन कर उसे ससुराल बुला रही थीं। रविवार सुबह जब विनोद के मोबाइल पर कॉल किया गया तो पहली पत्नी ने कहा कि वह घर लौट गया है, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस ने फांसी लगाने की सूचना दे दी।
परिवार में मातम, भाई के आने का इंतजार
बताया गया कि विनोद के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसका सगा भाई मुकुल मरांडी बेंगलुरु में काम करता है। परिजनों ने कहा है कि मुकुल के आने के बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया जाएगा। विनोद अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
क्या कहती है पुलिस?
मसलिया थाना के एएसआई उमेश सिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
Desk Report By IN TV








